सिराज से हुई बदतमीजी के बाद भड़के हरभजन, निकाला ट्विटर पर अपना गुसा
सिडनी
सिडनी टेस्ट मैच के चौथे दिन टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पर एक बार फिर नस्लीय कमेंट किया गया. सिराज के खिलाफ रविवार को भी सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) के दर्शक दीर्घा से नस्लीय टिप्पणी की गई.
मोहम्मद सिराज बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे, तब कड़ी सुरक्षा के बावजूद फिर उनसे बदतमीजी हुई, जिसके बाद करीब 15 मिनट तक मैच रोका गया. टीम इंडिया ने मैच के दौरान इस बात की शिकायत अंपायरों से की, जिसके बाद सुरक्षा कर्मियों ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में बैठे दर्शकों के उस ग्रुप को स्टेडियम से बाहर कर दिया, जिसने सिराज पर नस्लीय टिप्पणी की थी.
सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन भी मोहम्मद सिराज पर लगातार कमेंट किये गए. सूत्रों के अनुसार मोहम्मद सिराज को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड के एक स्टैंड में उपस्थित दर्शकों के एक ग्रुप ने ‘मंकी’ (बंदर) कहा, जिससे 2007-08 में भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे के ‘मंकीगेट’ प्रकरण की याद ताजा हो गई. दिलचस्प बात है कि मंकीगेट प्रकरण भी सिडनी टेस्ट के दौरान ही हुआ था, जब एंड्रयू सायमंड्स ने दावा किया था कि हरभजन सिंह ने उन्हें कई बार 'बंदर' कहा था, लेकिन भारतीय ऑफ स्पिनर को इस मामले की सुनवाई के बाद पाक साफ करार दिया गया था.
मोहम्मद सिराज के साथ हुई इस बदतमीजी के बाद भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने ट्विटर पर अपना गुसा जाहिर किया है. भज्जी ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मैंने भी व्यक्तिगत रूप से ऑस्ट्रेलिया में खेलने के दौरान अपने धर्म और रंग को लेकर दर्शकों से काफी कुछ सुना है.' भज्जी ने ट्वीट करते हुए आगे लिखा, 'मेरे खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में मैदान पर बहुत सी बातें कही जाती थी. यह पहली बार नहीं है जब ऑस्ट्रेलिया में दर्शकों की भीड़ बदतमीजी कर रही है. आप उन्हें कैसे रोकेंगे.'
I personally have heard many things on the field while playing in Australia about Me My religion My colour and much more..This isn’t the first time the crowd is doing this nonsense..How do u stop them ?? #AUSvIND
— Harbhajan Turbanator (@harbhajan_singh) January 10, 2021
बता दें कि रविवार को सिराज दूसरे सेशन के खेल के दौरान जब बाउंड्री के पास तैनात थे तब किसी दर्शक ने उन्हें लेकर टिप्पणी की. उस समय ऑस्ट्रेलियाई पारी का 86वां ओवर चल रहा था. सिराज तुरंत कप्तान अजिंक्य रहाणे के पास पहुंचे और उन्हें इसकी जानकारी दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अंपायर पॉल रेफरल को इस बारे में बताया. पॉल रेफरल ने बिना देरी किए मैच रेफरी को इसकी जानकारी दी और फिर मैच रेफरी ने सुरक्षा अधिकारियों को बताया कि स्टैंड से किसी ने सिराज के खिलाफ भद्दी टिप्पणी की है.
सुरक्षाकर्मियों ने उस स्थान का मुआयना किया, जहां से सिराज के अनुसार आवाज आई थी. कई लोगों से पूछताछ की गई और फिर चार-पांच लोगों को लेकर पुलिस स्टैंड से बाहर चली गई. इस घटना के कारण लगभग 15 मिनट तक खेल रुका रहा.
इससे पहले, शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के अधिकारियों ने शिकायत की थी कि सिराज और जसप्रीत बुमराह पर दर्शकों ने नस्लीय टिप्पणी की है. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद आईसीसी, स्टेडियम के सुरक्षा अधिकारी बुमराह और सिराज के साथ लंबी बातचीत करते हुए नजर आए और इस दौरान भारतीय टीम प्रबंधन के सदस्य भी उनके साथ थे.
ऑस्ट्रेलियाई अखबार द डेली टेलीग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पता चला है कि भारतीय अधिकारियों ने कहा है कि बुमराह और सिराज पर दर्शकों द्वारा बीते दो दिन से फब्तियां कसी जा रही हैं जो नस्लीय हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, एक और वाक्ये में, जब मैच चल रहा था तब भारतीय स्टाफ बुमराह के पीछे बाउंड्री के बाहर खड़ा था और उनसे बात भी कर रहा था. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा है कि वह इस तरह की घटना की निंदा करता है. सीए के इंट्रीगिटी एवं सिक्योरिटी प्रमुख सीन कॉरोल ने कहा है कि जो लोग इस तरह की घटनाओं में लिप्त हैं, सीए उनका कभी स्वागत नहीं करेगा.

पाठको की राय